Farmer murdered in dispute over trees | पेड़ों के विवाद में किसान की हत्या: सुल्तानपुर में नकाबपोश युवकों ने डंडे से पीटा, जांच में जुटी पुलिस – Sultanpur News
असगर नकी | सुलतानपुर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

सुल्तानपुर के दोस्तपुर क्षेत्र में महा कुड़ तालाब के पास एक किसान की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सुरहुरपुर निवासी राम खिलाड़ी (55) के रूप में हुई है।
घटना शनिवार रात करीब 9 बजे की है। राम खिलाड़ी अपने सब्जी के खेत पर थे। इसी दौरान मुंह ढके दो बाइक सवार युवक वहां पहुंचे। उन्होंने राम खिलाड़ी और उनके साथी मोतीलाल को डंडों से पीटा। सिर में गंभीर चोट लगने से राम खिलाड़ी बेहोश हो गए। हमलावर धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

स्थानीय लोगों ने डायल 112 और थाने में सूचना दी। पुलिस ने एंबुलेंस से राम खिलाड़ी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पुत्र मोहन लाल ने बताया कि उनका राम सजीवन से पेड़ों को लेकर विवाद चल रहा था। पहले भी राम सजीवन ने उनके पिता को धक्का दिया था। पेड़ों की मांग पूरी न होने पर वह उनके पीछे पड़ गया था।
एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद का मामला सामने आया है। परिवार की शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है। सीओ कादीपुर विनय गौतम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है।