A child died after drowning in a pond in Fatehpur | फतेहपुर में तालाब में डूबने से बच्चे की मौत: शौच के लिए गए 8 साल के धर्मेंद्र का पैर फिसला, पानी में डूबा; ग्रामीणों ने निकाला शव – Fatehpur News
राम चंद्र सैनी | फतेहपुर2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के थरियांव थाना क्षेत्र के सराय उदई गांव में शनिवार सुबह एक हादसा हुआ। 8 वर्षीय धर्मेंद्र की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतक शिवशंकर का बेटा था।
परिजनों ने बताया कि धर्मेंद्र घर से कुछ दूर स्थित तालाब के किनारे शौच के लिए गया था। वापस लौटते समय वह पानी छूने आगे बढ़ा। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। घटना के समय आसपास कोई नहीं था।

कुछ देर बाद एक ग्रामीण को तालाब के किनारे धर्मेंद्र की चप्पलें दिखीं। उसने आवाज लगाई। गांव के लोग तुरंत तालाब में उतरे और खोजबीन की। लेकिन तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही थरियांव पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा। पोस्टमॉर्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। थाना प्रभारी आलोक कुमार पांडेय ने घटना की पुष्टि की। बच्चे की मौत से गांव में शोक छा गया है।