A youth committed suicide in Amethi | अमेठी में युवक ने की आत्महत्या: पेड़ से लटका मिला शव, एक दिन पहले ससुराल से लौटा था – Sangrampur(Amethi) News
शिव मोहन मिश्रा | संग्रामपुर(अमेठी), अमेठी जिला2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

अमेठी के भौसिहपुर ग्राम पंचायत में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां एक बाग में 25 वर्षीय युवक संजीत गुप्ता का शव महुआ के पेड़ से लटकता मिला। मृतक मल्लूपुर, संग्रामपुर का रहने वाला था।
घटना की जानकारी वनविभाग के दैनिक श्रमिकों ने दी। वे वृक्षारोपण के लिए खुदाई किए गए गड्ढों में जिप्सम डालने गए थे। संग्रामपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पिता प्रदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि संजीत शनिवार को सांगीपुर थाना क्षेत्र के अठेहा में अपनी पत्नी से मिलने गया था। वह रविवार शाम करीब 8 बजे घर लौटा था। सोमवार सुबह 7:30 बजे बाइक लेकर घर से निकला। इसके बाद उसका फोन नहीं लगा।
संजीत प्रतापगढ़ में ठेकेदारी प्रथा से दैनिक मजदूरी करता था। परिवार में उसकी मां उर्मिला देवी और बहन और एक छोटा भाई हैं। बड़ा बेटा होने के नाते परिवार की जिम्मेदारी संजीत पर थी। पिता ई-रिक्शा चलाकर परिवार का खर्च चलाने में मदद करते थे।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह के अनुसार आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।