Rescue of a baby monkey from a 100 feet deep well – Video | 100 फीट गहरे कुएं से बंदर के बच्चे का रेस्क्यू-VIDEO: मुरादाबाद में 2 घंटे कुएं के भीतर फायर ब्रिगेड की टीम को छकाया, खुद रस्सती पकड़कर निकला – Moradabad News
मुरादाबाद में करीब 100 फीट गहरे कुएं में गिरे बंदर के बच्चे को 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर लिया गया। स्थानीय लोगों ने बंदर के बच्चे के कुएं में गिर जाने की जानकारी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को दी थी।
.
मामला मुरादाबाद के मुगलपुरा थाना क्षेत्र का है। यहां GIC परिसर में करीब 150 साल पुराना एक कुआं है। इस कुएं को खुला छोड़ दिया गया है। बुधवार को एक बंदर का बच्चा इस कुएं में गिर गया। बंदर के बच्चे के कुएं में गिरने का पता आसपास के लोगों को चला तो उन्होंने इसकी जानकारी फायर ब्रिगेड को दी। बंदर कुएं से लगातार निकलने की कोशिश कर रहा था। लेकिन गहरे कुएं में होने की वजह से उसे कामयाबी नहीं मिल रही थी।
सुबह करीब 10 बजे फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। पहले रस्सी की मदद से एक सीढ़ी को कुएं में उतारा गया। इसके बाद रस्सी के सहारे एक फायर फाइटर नीचे उतरा। फायर फाइटर ने बंदर के बच्चे को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वो डरकर दूर भागने लगा। काफी देर की कोशिश के बाद भी जब बंदर का बच्चा पकड़ में नहीं आया तो एक बाल्टी को नीचे भेजा गया। ताकि बंदर का बच्चा बाल्टी में बैठ जाए और उस बाल्टी को ऊपर खींचा जा सके। लेकिन इसमें भी कामयाबी नहीं मिली।
करीब दो से ढाई घंटे तक चली मशक्कत के बाद बंदर का बच्चा उसी रस्सी के सहारे ऊपर चढ़ने लगा जिससे फायर फाइटर नीचे कुएं में उतरा था। लेकिन रस्सी के सहारे चढ़कर वह ऊपर पहुंचा तो बाहर खड़ी भीड़ देखकर फिर से कुएं में चला गया। इसके बाद भीड़ को कुएं के आसपास से हटाया गया। तब जाकर बंदर का बच्चा बाहर आ सका।