Notice given to negligent contractor | लापरवाही करने वाले ठेकेदार को मिला नोटिस: अलीगढ़ में 10 करोड़ से चल रहा है अमृत सरोवर का काम, नगर आयुक्त ने किया था औचक निरीक्षण – Aligarh News
नगर आयुक्त ने नई बस्ती पोखर का औचक निरीक्षण किया।
अलीगढ़ में स्मार्ट सिटी योजना के तहत विकास काम लगातार जारी है। इस काम में लापरवाही करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई भी की जा रही है। शहर में चल रहे अमृत सरोवर के काम में लापरवाही मिलने पर नगर आयुक्त ने ठेकेदार के खिलाफ नोटिस जारी किया है।
.
मेयर प्रशांत सिंघल के साथ नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने अमृत सरोवर के विकास कार्य का निरीक्षण किया था। जिसमें उन्हें तमाम लापरवाही देखने को मिली। जिसके बाद उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई है। इसके साथ ही उन्होंने कार्यदायी संस्था के ठेकेदार के खिलाफ शो-कॉज नोटिस भी जारी करते हुए उनसे जवाब मांगा है।

लापरवाही मिलने पर नगर आयुक्त ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई है।
10 करोड़ रुपए से हो रहा है विकास
अलीगढ़ के नई बस्ती, शक्ति नगर और गूलर रोड पर स्थित पोखरों का इन दिनों विकास कराया जा रहा है। 10 करोड़ रुपए की लागत से इन पोखरों को अमृत सरोवर के रूप में विकसित किया जा रहा है। अधिकारियों ने इन्हीं स्टेशनों का औचक निरीक्षण किया था।
निरीक्षण के समय गूलर रोड पंपिंग स्टेशन स्थित सम्पवेल की सफाई नहीं होने पर महापौर और नगर आयुक्त ने नाराजगी जाहिर की। गूलर रोड पोखर की धीमी गति से काम होने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित ठेकेदार पर आर्थिक दंड लगाने व शोकॉज नोटिस जारी किया है। सौंदर्यकरण निर्माण कार्य के डिजाइन पर भी नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई।

नगर आयुक्त ने एई के खिलाफ भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
सहायक अभियंता पर भी होगी कार्रवाई
ठेकेदार को नोटिस देने के साथ ही नगर आयुक्त ने मुख्य अभियंता सुरेश चंद से तत्काल शक्ति नगर पोखर की फाइल को तलब किया है। निरीक्षण के समय नगर आयुक्त ने संबंधित सहायक अभियंता के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए चीफ इंजीनियर को निर्देश दिए हैं।
पोखर के साथ ही सीएम ग्रिड योजना के तहत खैर रोड पर काम कर रही एजेंसी मेसर्स पीपीएस के खिलाफ भी आर्थिक दंड की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए चीफ इंजीनियर को निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण में मुख्य अभियंता सुरेश चंद, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मुकेश कुमार, अधिशासी अभियंता विजेंद्र पाल सिंह, सहायक अभियंता राजवीर सिंह मौजूद रहे।