Meritorious students of high school and intermediate were honored in Sambhal | संभल में हाईस्कूल-इंटर के मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान: टैबलेट, चेक और प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित – Sambhal News
सनी गुप्ता, संभल2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने 2025 की बोर्ड परीक्षाओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।
यह आयोजन सजीव प्रसारण के माध्यम से प्रदेशभर के जिलों में देखा गया। प्रदेश के टॉप 10 स्थानों पर आने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार स्वरूप 1 लाख की धनराशि, एक टैबलेट, प्रशस्ति पत्र और स्वर्ण पदक प्रदान किया गया।
मेधावियों की मेहनत को सलाम
माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने जनपदों में एनआईसी केंद्रों से विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि- लाखों विद्यार्थियों के बीच टॉप करना अत्यंत चुनौतीपूर्ण कार्य है। इसके लिए निरंतर अभ्यास, अनुशासन और सकारात्मक सोच की आवश्यकता होती है।
उन्होंने सभी मेधावियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि ये विद्यार्थी भविष्य में देश की सेवा में अपना श्रेष्ठ योगदान देंगे।
खेल प्रतिभाओं को भी किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विद्यालय खेल पुरस्कार भी पहली बार प्रदान किए गए। राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुभकामनाएं दीं। शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने कहा- आज इन खिलाड़ियों की सफलता का यह पहला कदम है। आने वाले समय में ये राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

परीक्षाएं रहीं नकलविहीन, पारदर्शी
गुलाब देवी ने यह भी कहा कि- 2025 की बोर्ड परीक्षाएं पूरी तरह नकलविहीन और पारदर्शी रहीं। न कोई पेपर लीक हुआ, न ही कोई अनुचित गतिविधि हुई। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से संभव हो सका है।
समय का मूल्य समझें, सोचें सकारात्मक
अपने संदेश में शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा- जीवन में समय सबसे कीमती चीज है। जो समय के साथ चलता है, वही अपने लक्ष्य तक पहुंचता है। सोच को संकीर्ण नहीं, व्यापक और सकारात्मक रखें। आप जो बनना चाहते हैं, उसे सोचकर और मेहनत से जरूर हासिल कर सकते हैं।