Crowds gathered in Shiva temples in Unnao | उन्नाव में शिवालयों में उमड़ा जनसैलाब: गंगाजल से जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और महामृत्युंजय जाप से गूंजे मंदिर, सुबह से घाटों पर जुटने लगे श्रद्धालु – Unnao News


उन्नाव4 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

सावन माह के पहले शुक्रवार को उन्नाव में आस्था और भक्ति का विशेष नजारा देखने को मिला। सुबह से ही श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए गंगा घाटों पर पहुंचने लगे। महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने गंगा में डुबकी लगाई और गंगाजल से शिव पूजा के लिए जल भरा।

गंगा घाटों के पास स्थित शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने बेलपत्र, धतूरा, पुष्प, अक्षत और दूध के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। शिवालयों में “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष गूंजते रहे। गंगाघाट, शुक्लागंज और बांगरमऊ के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। मंदिरों में रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय जाप और विशेष आरती का आयोजन किया गया। श्रद्धालु जल कलश, प्रसाद और फूलों के साथ मंदिरों की ओर बढ़ते नजर आए।

कांवड़ियों ने भरा गंगाजल, शिवालयों में किया जल अर्पण

कांवड़ लेकर आए शिवभक्तों ने गंगा जल भरकर आसपास के शिव मंदिरों में भोलेनाथ को अर्पित किया। पूरे मार्ग में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा। भक्तों ने ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन के साथ शिवधुनों में लीन होकर जलाभिषेक किया।

प्रशासन रहा अलर्ट, सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने घाटों और मंदिरों पर सुरक्षा के खास इंतजाम किए। जल पुलिस, होमगार्ड और महिला कांस्टेबल तैनात रहीं। नगर पालिका ने पेयजल और चिकित्सा के लिए अस्थायी कैम्प लगाए। स्वयंसेवकों की टीमों ने श्रद्धालुओं की मदद की।

पंडितों ने बताया सावन का महत्व

मंदिरों में मौजूद पंडितों और पुरोहितों ने श्रद्धालुओं को सावन माह की महत्ता और शिव पूजा की विधि बताई। उन्होंने कहा कि सावन में शिवलिंग पर जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और महामृत्युंजय जाप करने से विशेष पुण्यफल की प्राप्ति होती है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *