Sampling dispute at the milk trader’s place in Nanauta | नानौता में दूध व्यापारी के यहां सैंपलिंग विवाद: सहारनपुर में व्यापारी का आरोप- अमानक रसायन का प्रयोग, घर पर पुलिस भेजी; व्यापार मंडल ने मांगी कार्रवाई – Saharanpur News
तारिक | सहारनपुर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

सहारनपुर के नानौता कस्बे में दूध व्यापारी के प्रतिष्ठान पर की गई सैंपलिंग को लेकर विवाद सामने आया है। मलिक डेयरी के संचालक सलमान मलिक ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
दरअसल 8 जुलाई 2025 को शाम करीब 6 बजे उपजिलाधिकारी रामपुर मनिहारान, थाना नानौता प्रभारी और फूड विभाग की टीम ने सैंपलिंग की कार्रवाई की। सलमान मलिक का कहना है कि अधिकारियों ने मानक रसायन फॉर्मोलिन साॅल्ट नहीं दिखाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सैंपलिंग में शेविंग लोशन जैसी बोतल में रखा अज्ञात केमिकल मिलाया गया। इस केमिकल की न तो जानकारी दी गई और न ही मैन्युफैक्चरिंग या एक्सपायरी डेट बताई गई।
व्यापारी ने आरोप लगाया कि अधिकारियों की मंशा दूध को असुरक्षित घोषित करवाने की थी। उन्होंने कहा कि वह सैंपलिंग प्रक्रिया के विरोधी नहीं हैं, लेकिन इसकी पारदर्शिता पर सवाल है।
सलमान मलिक ने बताया कि उपजिलाधिकारी ने उनके घर पर पुलिस भेजी। घर प्रतिष्ठान से एक किलोमीटर दूर है। पुलिस ने न वारंट दिखाया और न ही कोई महिला पुलिसकर्मी साथ थी। उनका आरोप है कि पुलिस ने घर की महिलाओं के साथ अभद्रता की। व्यापारी के मुताबिक पूरी घटना सीसीटीवी और वीडियो में कैद है।
व्यापार मंडल के नेताओं ने भी इस कार्रवाई का विरोध किया है। जिला अध्यक्ष नरेश गोयल, महानगर अध्यक्ष पंकज गुप्ता समेत कई पदाधिकारियों ने इसे दमनात्मक बताया है। उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।