Dalit farmer’s land occupied in Ayodhya | अयोध्या में दलित किसान की जमीन पर कब्जा: विवादित भूमि पर निर्माण जारी, जान से मारने की धमकी; एसएसपी से शिकायत – Ayodhya News
विजय पाठक | अयोध्याकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम पलिया जगमोहन सिंह में भूमि विवाद सामने आया है। दलित किसान खुशी राम ने कुछ दबंग लोगों पर उनकी जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि कहीं पर हमारी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। तहसील और थाने के लोग इधर से उधर दौड़ा रहे हैं।
खुशी राम ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अयोध्या को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि उनकी भूमि गाटा संख्या 610 पर अशोक कुमार, गिरिजा देवी, वीरेंद्र प्रताप सिंह, राजित राम और हिस्ट्रीशीटर सुरेश यादव जबरन कब्जा कर निर्माण कर रहे हैं। यह भूमि सह खातेदारी में है और इस मामले की अगली सुनवाई 28 जुलाई को होनी है।
28 जून को मुख्य राजस्व अधिकारी ने विवादित भूमि पर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया। 8 जुलाई को खुशी राम के बेटे प्रभाकर को गिरिजा देवी, प्रधान प्रतिनिधि राजू, धम्मे यादव और सुरेश यादव ने जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित ने बताया कि उपजिलाधिकारी मिल्कीपुर और थाना इनायतनगर को कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब उन्हें और उनके परिवार को जान का खतरा है। खुशी राम और उनके बेटे ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।