Political initiative of youth in Maharajganj | महराजगंज में युवाओं की राजनीतिक पहल: मुक्ति मोर्चा का गठन, पंचायत चुनाव में उम्मीदवारों को मिलेगा मौका – Maharajganj News
अमृत जायसवाल | महराजगंज, महराजगंज3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बैठक में शामिल हुए लोग।
महराजगंज में एक नई राजनीतिक पहल के तहत महराजगंज मुक्ति मोर्चा का गठन किया गया है। फरेंदा रोड स्थित निजी रेस्टोरेंट हाल में आयोजित कार्यक्रम में मोर्चा का विधिवत उद्घाटन हुआ। मोर्चा के संस्थापक और संयोजक श्यामसुंदर दास ने आगामी पंचायत चुनावों में सक्रिय भागीदारी की घोषणा की।
श्यामसुंदर दास ने कहा कि वर्तमान में महराजगंज की राजनीति जनसेवा से हटकर निजी स्वार्थ की पूर्ति का माध्यम बन गई है। उन्होंने बताया कि अधिकांश नेता किसी न किसी के अधीन काम कर रहे हैं। मेहनती लोगों को आगे बढ़ने का मौका नहीं मिल रहा है।
मोर्चा पंचायत चुनावों में संघर्षशील, शिक्षित और ईमानदार युवाओं को मौका देगा। इन युवाओं का चयन राजनीतिक प्रभाव से मुक्त रहकर किया जाएगा। मोर्चे का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्वतंत्र राजनीति में स्थापित करना है।
दास ने बताया कि बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कृषि क्षेत्र की समस्याएं जनपद की प्रमुख चुनौतियां हैं। मोर्चे का नाम 14 जून 2024 को तय किया गया था। जल्द ही कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। इसमें महराजगंज के स्थानीय, संघर्षशील और शिक्षित युवाओं को शामिल किया जाएगा।
मोर्चे का उद्देश्य सर्वव्यापी विकास, न्याय की समान पहुंच और आम आदमी की भागीदारी वाली राजनीति को बढ़ावा देना है। श्यामसुंदर दास ने युवाओं से इस अभियान से जुड़ने और जिले को भ्रष्ट राजनीति से मुक्त करने की अपील की है।