Flood destroyed crops, instructions to give compensation | बाढ़ से फसल बर्बाद, मुआवजा देने का निर्देश: डीएम बोलीं- लापरवाही न हो, सर्वे कराकर पीड़ितों तक पहुंचाएं लाभ – Gonda News
गोंडा3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

सरयू और घाघरा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण फसल डूब रही है।
गोंडा जिले में सरयू और घाघरा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण सैकड़ों बीघा फसल डूब गई है। इस स्थिति को देखते हुए डीएम प्रियंका निरंजन ने बाढ़ प्रभावित किसानों को समय पर मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने तरबगंज और करनैलगंज तहसील के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जहां घाघरा नदी ने फसल को अपने आगोश में ले लिया है या जहां पानी अधिक होने से फसल बर्बाद हुई है, वहां सर्वे करके किसानों को तत्काल आर्थिक मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाए।

सरयू और घाघरा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण फसल डूब रही है।
प्रियंका निरंजन ने स्पष्ट किया कि राहत और बचाव कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में पहले से चिह्नित आश्रय स्थलों पर पेयजल, शौचालय, भोजन और चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि किसी भी कीमत पर जनहानि न हो और लोग सुरक्षित रहें। उन्होंने ग्रामीणों से अफवाहों से बचने, प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या कंट्रोल रूम को सूचित करने की अपील की है। डीएम ने सभी अधिकारियों को बाढ़ से निपटने के लिए सभी तैयारियां पूर्ण रूप से प्रभावी रखने और सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।