The water level of Saryu increased in Basti | बस्ती में सरयू का जलस्तर बढ़ा: दुबौलिया के 5 गांव जलमग्न, धान की फसल चौपट, पलायन करने को मजबूर कई परिवार – Basti News
राज प्रकाश/त्र्यंबक सिंह। बस्तीकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

बस्ती में सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर से दुबौलिया विकासखंड के तटवर्ती गांवों में दहशत का माहौल है। रविवार शाम तक नदी का जलस्तर 79.850 एमएम तक पहुंच गया, जो शनिवार को 79.810 एमएम था।
बर्दिया लोहार, सुविकाबाबू, अशोकपुर चांदपुर, अशोकपुर मांझा और विशुदासपुर गांव पूरी तरह बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। नदी का पानी इतनी तेजी से बढ़ा कि ग्रामीणों को संभलने का मौका भी नहीं मिला।

पानी खेतों और घरों तक पहुंच गया है। धान की फसलें पूरी तरह डूब चुकी हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है। कई परिवार अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करने को मजबूर हो गए हैं।


बाढ़ से फसलों के नुकसान के साथ-साथ मवेशियों के लिए चारे और पीने के पानी का संकट भी गहरा गया है। प्रभावित क्षेत्रों में सड़कें जलमग्न होने से आवागमन ठप है। कई स्थानों पर ग्रामीणों को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने के लिए नावों का सहारा लिया जा रहा है।

ग्रामीण त्रिभुवन और असरफ़ा का कहना है कि प्रशासन की तरफ़ से कोई सहयोग नहीं मिल रहा है। बाढ़ का पानी घटने के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं, जिससे लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है।

स्थानीय लोगों ने सरकार से राहत सामग्री, पशु चारा और पीने के पानी की तत्काल व्यवस्था की मांग की है। जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ाने और जरूरतमंद परिवारों को मदद पहुंचाने का आश्वासन दिया है। सरयू नदी का बढ़ता जलस्तर ग्रामीणों के लिए संकट बना हुआ है और हालात सामान्य होने में अभी समय लग सकता है।