Woman cut into pieces…4 days passed, head not found | महिला को टुकड़ों में काटा…4 दिन बीते, सिर नहीं मिला: झांसी में पुलिस की 10 टीमें शिनाख्त भी नहीं करा सकी, 3 डॉक्टरों ने किया पोस्टमार्टम – Jhansi News
झांसी में कई टुकड़ों में काटी गई महिला की लाश का रविवार शाम को पोस्टमार्टम हुआ। महिला डॉक्टर समेत 3 डॉक्टरों के पैनल ने रेप की आशंका के चलते वजाइना स्लाइड तैयार कराई है। महिला की हत्या करके किसी धारदार हथियार से अलग-अलग टुकड़े किए गए थे।
.
अब तक पुलिस ने 3 टुकड़ों को बरामद कर लिए हैं। सिर समेत कई पार्ट अभी गायब है। रविवार को भी पुलिस उनकी तलाश में जुटी रही। शिनाख्त के लिए पुलिस को सिर की तलाश है। आसपास के अन्य कुएं और तालाब भी तलाशे जा रहे हैं। महिला की शिनाख्त के लिए 10 पुलिस टीमें लगाई गई हैं। स्वॉट टीम को भी लगाया गया है। इसके बावजूद 4 दिन बाद भी कामयाबी हाथ नहीं आई।
13 अगस्त को टोड़ीफतेहपुर थाना क्षेत्र के किशोरपुरा गांव में कुएं के अंदर दो बोरी में महिला की दो टुकड़ों में लाश मिली थी। बारिश की वजह से कुएं में लगभग 30 फीट पानी भरा था। पुलिस ने मोटर लगाकर कुएं को खाली कराया। तब एक हाथ और बरामद हो गया।
हल्के पीले रंग का ब्लाउज और साड़ी के टुकड़े मिले
महिला के टुकड़ों में बंटे शव के साथ हल्के पीले, चमकीले रंग का ब्लाउज के साथ हरे रंग की साड़ी का टुकड़ा मिला है, इसमें फूल बने हैं। दाहिने हाथ में लाल रंग का धागा बंधा हुआ है। नाखूनों में लाल रंग की नेल पॉलिश लगी हुई है। शव देखने पर उसकी उम्र करीब 30-35 वर्ष की मालूम चल रही है। शव भी करीब 5 से 7 दिन पुराना है।
फसल देखने गया था किसान, मिली लाश
किशोरपुरा गांव निवासी विनोद पटेल का एक खेत महेबा रोड पर है। वह रोजाना की तरह 13 अगस्त को अपनी फसल की रखवाली करने के लिए खेत पर गए थे। खेत में बने कुएं से तेज बदबू आ रही थी। विनोद ने कुएं में झांककर देखा तो पानी में दो बोरियां तैर रही थी। जिनसे बदबू आ रही थी। विनोद ने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
इस पर काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों बोरियों को कुएं से बाहर निकाला। जब बोरियों को खोला गया तो अंदर का मंजर देखकर लोग दंग रह गए। एक बोरी में महिला का गर्दन से लेकर कमर तक का हिस्सा और दूसरी बोरी में कमर से लेकर जांघ तक का हिस्सा भरा था। महिला के हाथ, पैर और सिर गायब थे। इसके बाद कुएं को खाली करवाया गया। तब एक हाथ बरामद हो गया।
एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति का कहना है कि अलग-अलग पुलिस टीम लगाई गई है। आसपास गुमशुदा भी तलाशे जा रहे हैं। लोगों से पूछताछ हो रही है।