Woman dies due to electric shock in Sultanpur | सुलतानपुर में करंट लगने से महिला की मौत: हवा की दिशा बदलने के लिए फर्राटा पंखे को छुआ था, अस्तपाल में ली आखिरी सांस – Bhadaiya(Sultanpur) News
शुभ पांडेय | भदैंया, सुलतानपुर2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मृतका की फाइल फोटो।
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर में भदैया के देहात कोतवाली क्षेत्र के पूरेबाघराय गांव में बुधवार दोपहर एक दुखद घटना सामने आई। राजेश्वरी देवी (55) नामक महिला की बिजली के करंट से मौत हो गई।
करंट के झटके से गिरी
घटना उस समय हुई जब राजेश्वरी देवी अपने घर के दरवाजे पर खेत से लाई गई उड़द की फली तोड़ रही थीं। गर्मी से बचने के लिए उन्होंने फर्राटा पंखा लगा रखा था। जब उन्होंने हवा की दिशा बदलने के लिए पंखे को छुआ, तब करंट के झटके से वह दूर जा गिरीं।
बेटी और बहू ने देखा हादसा
बेटी और बहू ने जब उन्हें गिरते देखा तो तुरंत मदद के लिए आवाज लगाई। पड़ोसियों की मदद से उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदैंया ले जाया गया। वहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इमरजेंसी के चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार में छाया मातम
इस घटना से परिवार में मातम छा गया है। महिला के बेटे संजय शुक्ला और बेटियां मानसी, बिंदु, प्रीति समेत पूरा परिवार शोक में डूबा है। गांव में भी शोक की लहर है और रिश्तेदार लगातार पहुंच रहे हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस
देहात कोतवाल अखंड देव मिश्रा ने कहा कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस को गांव भेजा गया है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।