Case filed against 41 youths selected in UP police | यूपी पुलिस में चयनित 41 युवाओं पर मुकदमा: डीएम से मांगी अनुमति, हरी झंडी मिलने पर मिलेगी वर्दी; 917 को मिला नियुक्ति पत्र – Deoria News
अनुग्रह नारायण शाही | देवरिया4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

देवरिया में उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती 2023 में चयनित 41 युवाओं के सपनों पर थाने की केस डायरी ने ब्रेक लगा दिया है। पुलिस सत्यापन में इन युवाओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज मिले हैं।
जिले में कुल 978 युवाओं का चयन हुआ था। इनमें से 5 युवा मेडिकल जांच में फेल हो गए। शेष 973 चयनित युवाओं में 138 महिलाएं और 835 पुरुष शामिल हैं।
पुलिस विभाग ने सभी चयनित उम्मीदवारों का विभिन्न थानों से सत्यापन कराया। इस दौरान 41 युवाओं के खिलाफ मामले दर्ज मिले। हालांकि, ये मुकदमे गंभीर धाराओं में नहीं हैं। इसलिए विभाग ने इन युवाओं की नियुक्ति के लिए जिलाधिकारी से अनुमति मांगी है।
जिन उम्मीदवारों का सत्यापन सफल रहा, उनमें से 917 को रविवार को लखनऊ में नियुक्ति पत्र मिल गया। इनमें 134 महिलाएं और 783 पुरुष शामिल हैं। अब 41 युवाओं का भविष्य जिलाधिकारी के निर्णय पर टिका है। अनुमति मिलने पर उन्हें वर्दी मिल जाएगी, अन्यथा उनका सपना अधूरा रह जाएगा।