Amazing feat of women of self help group in Ayodhya | अयोध्या में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का कमाल: 2.5 लाख तिरंगे तैयार कर 10 लाख रुपये की कमाई, 15 अगस्त को घर-घर फहराएंगे – Ayodhya News
विजय पाठक | अयोध्या5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

स्वतंत्रता दिवस के तैयारी को लेकर अयोध्या में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने नई ऊंचाइयां छू ली हैं। जिले के 300 स्वयं सहायता समूहों की 1080 महिलाओं ने एकजुट होकर 2.5 लाख राष्ट्रीय ध्वज तैयार किए हैं। इन तिरंगों को 15 अगस्त को जिले के सभी 11 ब्लॉकों के सरकारी भवनों, अमृत सरोवरों और गांवों में गर्व के साथ फहराया जाएगा।

महिलाएं अपनी सिलाई मशीनों के जरिए तिरंगे तैयार कर रही हैं और कपड़े व धागों की खरीदारी भी स्वयं कर रही हैं। जिला मिशन प्रबंधक सरिता वर्मा ने बताया कि प्रत्येक तिरंगे के लिए महिलाओं को 20 रुपये का भुगतान किया जाएगा। इस पहल से सभी समूहों की महिलाओं को कुल मिलाकर 10 लाख रुपये तक की आय होगी, जो न केवल उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगी, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के सपने को भी साकार करेगी।

तैयार किए गए तिरंगों की आपूर्ति खंड विकास अधिकारी कार्यालयों को की जा रही है। वहां से ग्राम प्रधानों और पंचायत सचिवों के माध्यम से ये तिरंगे गांवों तक पहुंचाए जाएंगे। यह प्रक्रिया 14 अगस्त की शाम तक पूरी हो जाएगी, ताकि स्वतंत्रता दिवस पर हर घर और हर गांव में तिरंगा लहराए।

अभियान के तहत स्वतंत्रता दिवस के उत्साह को और बढ़ाने के लिए ब्लॉक मुख्यालयों से तिरंगा यात्राएं भी निकाली जा रही हैं। इन यात्राओं का उद्देश्य लोगों में देशभक्ति की भावना जगाना और 15 अगस्त के कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। यह पहल न केवल राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति को बढ़ावा दे रही है, बल्कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए आर्थिक सशक्तिकरण का एक मजबूत माध्यम भी बन रही है। अयोध्या की इन महिलाओं की मेहनत और समर्पण से तैयार तिरंगे हर घर में राष्ट्रप्रेम की अलख जगाएंगे।